पीथमपुर में 3 धमाके, आसपास के गांवों में फैली दहशत
पीथमपुर। मध्य प्रदेश के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में मंगलवार को अचानक तीन तेज धमाके हुए, जिनकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. धमाकों की गूंज से आसपास के ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
गांवों में कंपन से घरों का सामान गिरा
धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने जोरदार कंपन महसूस किया. ग्रामीणों के अनुसार, झटकों के चलते घरों में रखे बर्तन, टीवी और अन्य सामान अपने स्थान से नीचे गिर गए. अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग काफी देर तक सहमे रहे।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है. पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है और एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने शुरू की जांच
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि टीम मौके पर मौजूद है और विस्फोट के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है. थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने भी कहा कि फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है. कंपनी प्रबंधन ने भी इस घटना में किसी जनहानि से साफ इनकार किया है।
पहले भी विवादों में रही कंपनी
गौरतलब है कि रामकी एनवायरो पहले भी कई मामलों को लेकर चर्चा में रह चुकी है. पिछले वर्ष यह कंपनी भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर विवादों में आई थी. ऐसे में ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम फैक्ट्री के भीतर जांच में जुटी हुई है, जबकि कंपनी के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच नया समझौता, 'डॉन 3' की जगह 'प्रलय' पर नजर।
पाकिस्तान की अपील रंग लाई, अमेरिका ने एकतरफा सीजफायर बढ़ाया
बॉलीवुड में बदलते दौर का संगीत: समीर अंजान ने पुरानी यादों के साथ 'जेन जी' पर रखी राय।
बकरी चोरी से शुरू हुआ बवाल, अनूपपुर में पुलिस पर हमला, रिवॉल्वर लेकर फरार