सोशल मीडिया स्टंट पड़ा भारी, युवक पर केस दर्ज
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए मगरमच्छों से भरी चंद्रलोही नदी में सुतली बम जलाकर फेंक दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक नदी में सुतली बम फेंकता नजर आ रहा है। बम फटते ही नदी के किनारे चट्टानों पर धूप सेंक रहे मगरमच्छ अचानक घबरा कर इधर-उधर भागने लगते हैं। यह दृश्य लोगों को हैरान कर रहा है।
थाने में मामला दर्ज
वीडियो सामने आने के बाद बोरखेड़ा थाने में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और वन विभाग इस मामले की जांच में जुट गए हैं। एएसआई करतार यादव ने बताया कि वन विभाग की ओर से मगरमच्छों पर सुतली बम फोड़ने की शिकायत दी गई है। साथ ही एक वीडियो भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मगरमच्छों को परेशान करने और बम फेंकने वाले युवक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जांच में अब तक सामने आया है कि आरोपी चंद्रशेल इलाके का रहने वाला है। उसने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किया था, जिस पर कुछ ही घंटों में 21 हजार से ज्यादा व्यूज आ गए थे। जैसे ही उसे पता चला कि इस वीडियो को लेकर थाने में शिकायत हुई है, उसने वीडियो डिलीट कर दिया।
वीडियो पहले ही हो चुका था वायरल
हालांकि तब तक कई लोगों ने वीडियो डाउनलोड कर लिया था और उसे एक-दूसरे के साथ शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे वीडियो तेजी से फैल गया। वन विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि दोषी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून के तहत सख्त सजा का प्रावधान
मगरमच्छ शेड्यूल-1 के जानवरों में आते हैं। ऐसे में उन्हें मारना या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करना गंभीर अपराध है। दोषी पाए जाने पर आरोपी को 3 से 7 साल तक की जेल और 10 हजार रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी कि इस घटना में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नई तारीख तय की
पाकिस्तान में सुरक्षा पर सवाल: लाहौर में फायरिंग में आमिर हमजा की मौत
संसद में गरमागरमी: DMK सांसद के बयान पर स्पीकर का तीखा पलटवार
स्टेडियम में बजा गाना, शुरू हुआ विवाद! Chennai Super Kings ने DJ पर लगाया अपमान का आरोप